November 22, 2026

बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 31 अक्टूबर को बैतूल के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जिले को विकास कार्यों की कई सौगातें दीं। उन्होंने 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि और ग्राम वन समितियों के सदस्यों को 13 करोड़ रुपये से अधिक का काष्ठ लाभांश सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 297 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 145 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 55 कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने स्थानीय नागरिकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनहितैषी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डॉ. यादव के मुताबिक, चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि दी गई है। इसमें दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहक शामिल हैं। प्रदेश में अब तक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 80 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।

छात्रों की शिक्षा और युवाओं के रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लाड़ली बहनों को लगातार आर्थिक सहायता दे रही है। ग्राम वन समितियों को 13 करोड़ रुपये से अधिक का काष्ठ लाभांश भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमिपूजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये कीमत के लैपटॉप और स्कूल टॉपर्स को स्कूटी दी जा रही है।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 85 हजार सरकारी पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं और एक लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां हुई हैं। इसके अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर, माइनिंग इंस्पेक्टर और डॉक्टर सहित विभिन्न पदों पर भी भर्ती की गई है। उन्होंने बताया कि एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। दीपावली से पहले कर्मचारियों को 2 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता देने की सौगात भी दी गई है।

बैतूल-मुलताई में नए कारखाने, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुकरू-खामला में 15 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यहां कॉफी के बागान भी लगाए जाएंगे। बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ रुपये की लागत से नए कारखाने स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जनजातीय नायकों के सम्मान में 15 से 17 नवंबर तक प्रदेशभर में तीन दिवसीय उत्सव आयोजित किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय विरासत को सम्मान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा पर वृंदावन गांवों में अच्छे पशुधन की प्रतियोगिताएं आयोजित कर पशुपालकों को पुरस्कृत करने के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने किसानों और जनजातीय परिवारों से गोपालन तथा दूध उत्पादन के जरिए आय बढ़ाने का आह्वान किया। सरकार कोदो-कुटकी सहित मोटे अनाज को भी प्रोत्साहित कर रही है।

बैतूल के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • नल-जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये।
  • बैतूल में 15 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन और हाट बाजार।
  • सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपये।
  • 70 करोड़ रुपये की लागत से चार जलाशयों का निर्माण।
  • 154 करोड़ रुपये की रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना।
  • घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय का निर्माण।
  • शासकीय हाई स्कूलों में 50 करोड़ रुपये से सुविधाओं का विस्तार।
  • 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फुटबॉल टर्फ और इनडोर-आउटडोर स्टेडियम।
  • बैतूल में जनजातीय संग्रहालय की स्थापना।
  • ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ रुपये से सफारी गेट।
  • रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ रुपये से बटरफ्लाई पार्क।

सड़क, सिंचाई और जनजातीय विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजरे-टोलों में रहने वाले जनजातीय परिवारों को बेहतर सड़क और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की व्यवस्था का भी उन्होंने उल्लेख किया।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए समान रूप से काम करती रहेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *