November 5, 2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजयादशमी के अवसर पर भोपाल में आयोजित रावण दहन कार्यक्रमों में शामिल हुए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में आयोजित समारोह में उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली बेटियों और कलाकारों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का पालन करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने रिश्तों का महत्व समझाया और अपने आचरण से लोगों को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना का कार्य कर रहे हैं और दुनिया के 200 देश भारत को सम्मान की नजर से देखते हैं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर का उल्लेख करते हुए मथुरा-वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण के धाम के विकास की उम्मीद भी जताई।

सीएम ने भगवान श्रीराम के स्वरूपों की आरती उतारी

कोलार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों की आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने साहसिक कार्य के लिए प्रधान आरक्षक ट्रैफिक जगदीश दांगी को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया। आयोजन कोलार हिंदू उत्सव समिति, विक्रमादित्य महाविद्यालय और दैनिक भास्कर की ओर से किया गया था। इस अवसर पर सांसद वी.डी. शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, महामंत्री राहुल कोठारी, भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

सलैया में मुख्यमंत्री ने किया 11 करोड़ की सड़क का ऐलान

विजयादशमी पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव सलैया क्षेत्र में आयोजित समारोह में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने सलैया-गुराड़ी सड़क के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो किलोमीटर से अधिक लंबी सड़क का काम जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सड़क बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान राहुल कोठारी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह में भगवान श्रीराम का दरबार भी सजाया गया।

रामराज और श्रीकृष्ण धाम के विकास का किया उल्लेख

सलैया में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाते हुए देश में रामराज की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की नीतियों को सुशासन और विकास से जोड़ते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का धाम विकसित हो चुका है और अब देशवासियों को भगवान श्रीकृष्ण के धाम के विकास की प्रतीक्षा है।

मुख्यमंत्री ने न्यायालय के निर्णयों के सम्मान का भी उल्लेख किया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *