November 26, 2026

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 3 नवंबर को हुई मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि कैबिनेट ने वन संरक्षण, सिंचाई परियोजनाओं, नगरीय अधोसंरचना, स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश और लोकायुक्त संगठन के संचालन सहित विभिन्न प्रस्तावों के लिए 23,300 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति दी है।

वन संरक्षण और वन्यजीव प्रबंधन के लिए 17,240 करोड़ रुपये

कैबिनेट ने वन विभाग की 9 प्रमुख योजनाओं के संचालन के लिए 17,240 करोड़ 55 लाख रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि 16वें केंद्रीय वित्त आयोग की अवधि यानी 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक खर्च की जाएगी।

स्वीकृत राशि में सबसे बड़ा हिस्सा 10,664 करोड़ 79 लाख रुपये कार्यकारी योजना संगठन एवं वन वृत्तों की स्थापना पर खर्च होगा। इसके अलावा क्षतिपूर्ति वनीकरण के लिए 1,994 करोड़ 30 लाख, राष्ट्रीय उद्यानों की स्थापना के लिए 1,623 करोड़ 79 लाख, इमारती लकड़ी उत्पादन के लिए 1,107 करोड़ 6 लाख और जू एवं रेस्क्यू सेंटर के लिए 604 करोड़ 23 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

मुख्यालय स्थापना, वन प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन, कार्य योजना निर्माण और संरक्षित क्षेत्रों के बाहर वन्यप्राणी प्रबंधन के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।

इन योजनाओं के तहत वनों का वैज्ञानिक प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण, वनकर्मियों का प्रशिक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा की जाएगी। राष्ट्रीय उद्यानों की योजना में प्रदेश के 9 टाइगर रिजर्व और 10 राष्ट्रीय उद्यानों के संरक्षण एवं विकास का काम शामिल है। वहीं, उज्जैन और जबलपुर में नए जू एवं रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने का भी प्रावधान है।

छह जिलों की सिंचाई परियोजनाओं के लिए 4,103 करोड़

कैबिनेट ने पन्ना, विदिशा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और उज्जैन की सिंचाई परियोजनाओं के संचालन एवं निर्माण कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक कुल 4,103 करोड़ 73 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

प्रमुख परियोजनाओं के लिए मंजूर राशि इस प्रकार है:

  • मझगांव मध्यम परियोजना, पन्ना: 69 करोड़ 36 लाख रुपये। इसके तहत 13,060 हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था विकसित की जा रही है।
  • टेम मध्यम सिंचाई परियोजना, विदिशा: 277 करोड़ 52 लाख रुपये। इसका उद्देश्य 12,814 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देना और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल जरूरतें पूरी करना है।
  • सीतापुर-हनुमना माइक्रो सिंचाई परियोजना: 3,620 करोड़ 82 लाख रुपये। सोन नदी पर बैराज बनाकर 1.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की जाएगी।
  • सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी परियोजना, उज्जैन: 136 करोड़ 3 लाख रुपये। इसके तहत वर्षाकाल में शिप्रा नदी का पानी सिलारखेड़ी बांध में संग्रहित किया जाएगा और जरूरत के अनुसार दोबारा नदी में छोड़ा जाएगा, ताकि शिप्रा में सालभर जल प्रवाह बना रहे।

नगरीय अधोसंरचना के लिए 700 करोड़ रुपये अतिरिक्त

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना को दो साल के लिए जारी रखने का फैसला किया है। इसके लिए 1 अप्रैल 2027 से 31 मार्च 2029 तक 700 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई है।

इस योजना के तहत नगरीय निकायों में पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली, श्मशान घाट, सामुदायिक भवन, रैन बसेरे और खेल एवं मनोरंजन स्थलों का विकास किया जाता है। आपदा प्रबंधन और अन्य जरूरी अधोसंरचना कार्य भी इसके दायरे में शामिल हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को मिलेंगे 610 करोड़ रुपये

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की उद्योग निवेश संवर्धन सहायता योजना को 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक जारी रखने के लिए 610 करोड़ 51 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

यह राज्य पोषित योजना है। इसके तहत मध्यप्रदेश हेल्थ सेक्टर इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम 2020 और 2025 के प्रावधानों के अनुसार स्वास्थ्य क्षेत्र में पूंजीगत परिसंपत्तियां बनाने वाले निवेशकों को सब्सिडी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

लोकायुक्त संगठन के संचालन के लिए 573 करोड़ मंजूर

कैबिनेट ने लोकायुक्त संगठन के सुचारु संचालन के लिए 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक 573 करोड़ 85 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसमें कार्यालय स्थापना, वेतन और अन्य कार्यालयीन खर्चों के लिए 553 करोड़ 85 लाख रुपये तथा विभागीय परिसंपत्तियों के रखरखाव के लिए 20 करोड़ रुपये शामिल हैं।

जबलपुर के जनजातीय संग्रहालय में एक पद स्वीकृत

मंत्रि-परिषद ने जबलपुर स्थित राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के संचालन के लिए सहायक अनुसंधान अधिकारी (संग्रहालय प्रभारी) का एक नियमित पद मंजूर किया है।

इस पद और संग्रहालय के संचालन एवं रखरखाव पर सालाना 83 लाख 18 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारी संग्रहालय की देखरेख, प्रशासनिक कामकाज और जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य विभागों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *