November 23, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का एक और विवादित बयान सामने आया है। स्वदेशी मेले के कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने धर्म और त्योहारों को लेकर टिप्पणी की। इसके साथ ही दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन, राहुल गांधी और मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर कांग्रेस की राजनीति को लेकर भी उन्होंने तीखा हमला बोला।

‘सूरज हमारा है, चांद हमारा है…’

स्वदेशी मेले के कार्यक्रम में रामेश्वर शर्मा ने कहा, “सूरज हमारा है और चांद हमारा है, मुसलमान भी अब हमसे पूछकर ईद मनाएंगे।”

उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि यदि भगवान शंकर धूनी रमाकर किसी गुफा में चले जाएं और वहां से चंद्रमा दिखाई न दे, तो ईद मनाना भी मुश्किल हो जाएगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन पर निशाना

दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा कि रामलीला मैदान भगवान राम की यश और कीर्ति का स्थान है, लेकिन वहां कुछ ‘रावण’ इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस मैदान में भगवान राम की जय-जयकार होनी चाहिए।

राहुल गांधी को लेकर की तीखी टिप्पणी

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा, “राहुल गांधी कान खोलकर सुन लो, कांग्रेस अराजकता फैलाना चाहती है।” उन्होंने कम्युनिस्ट विचारधारा से जुड़े लोगों पर भी टिप्पणी की और कहा कि देश में रामराज होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने देंगे।

‘यह सोनिया गांधी की कांग्रेस है’

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि स्थापना दिवस पर राजनीति करना शर्म की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब महात्मा गांधी और लोकमान्य तिलक के विचार नहीं बचे हैं और यह ‘सोनिया गांधी की कांग्रेस’ बन चुकी है।

मुगलों और अंग्रेजों से की तुलना

शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब विदेश की भाषा बोल रही है और मध्य प्रदेश को आगे बढ़ता देखकर उसके नेताओं में जलन है। उन्होंने कहा कि देश ने पहले मुगलों और फिर अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, अब देश को बचाने के लिए कांग्रेस से भी लड़ना पड़ रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *