September 21, 2026

लोरमी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में लोरमी के मानस मंच पर ‘स्नेह, सेवा एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत हुआ।

समारोह के दौरान उस समय माहौल भावुक हो गया, जब उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंच से उतरकर क्षेत्र के वरिष्ठ पेंशनधारियों और निराश्रित बुजुर्गों के बीच पहुंचे। साव ने एक-एक कर बुजुर्गों के चरण पखारे और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई बुजुर्ग भावुक नजर आए और उन्होंने साव के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया।

बुजुर्गों के बीच पहुंचे अरुण साव

कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके सामने शीश नवाया। चरण पखारने और आशीर्वाद लेने के इस दृश्य ने समारोह में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके प्रति समाज की जिम्मेदारी को रेखांकित करना था। समारोह में भारतीय परंपरा और बुजुर्गों के सम्मान की भावना को प्रमुखता दी गई।

2000 से अधिक बुजुर्गों का किया सम्मान

कार्यक्रम में लोरमी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से 2000 से अधिक बुजुर्ग पहुंचे। उपमुख्यमंत्री साव ने उनका स्वागत और सम्मान किया।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।

‘आपका आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत’ : अरुण साव

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोरमी उनका घर है और क्षेत्र के लोग उनके अपने हैं। उन्होंने बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभव और सीख को महत्वपूर्ण बताया।

साव ने कहा कि अपनों का सम्मान करना छत्तीसगढ़ की माटी के संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें लगातार जनता की सेवा करने की शक्ति देता है।

कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों के सम्मान के साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *