November 24, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को कृषि के क्षेत्र में और अधिक संबल देने के लिए राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026 के क्रियान्वयन की तैयारी तेज कर दी है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में योजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें किसानों को आदान सहायता राशि देने की प्रक्रिया, पात्रता के दिशा-निर्देश और विभिन्न विभागों के डेटाबेस के एकीकरण पर चर्चा की गई।

डिजिटल पोर्टल और डेटाबेस होंगे एकीकृत

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का क्रियान्वयन पारदर्शी, सरल और त्रुटिरहित होना चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग के विभिन्न पोर्टल और धान खरीदी डेटाबेस को आपस में जोड़ने पर जोर दिया, ताकि किसानों से बार-बार दस्तावेज और जानकारी मांगने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान आईडी, फार्म आईडी और गिरदावरी के आंकड़ों को एकीकृत कर किसानों की कुल भूमि और फसल के रकबे की जानकारी का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को अपनी विशिष्ट फार्म आईडी की पुष्टि करने और अनुदान के लिए आवेदन करने की सहज सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

अनुदान के लिए ये शर्तें होंगी जरूरी

बैठक में योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य रखने की बात कही गई। इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे में संबंधित भूमि पर धान की फसल दर्ज होना जरूरी होगा। धान खरीदी प्रक्रिया के तहत कम से कम एक सफल खरीदी लेन-देन भी होना चाहिए। इसके सत्यापन के लिए खाद्य विभाग के धान खरीदी पोर्टल के आंकड़ों का उपयोग किया जाएगा।

धान खरीदी के दौरान रकबे का होगा सत्यापन

किसानों की वास्तविक पात्रता सुनिश्चित करने के लिए धान खरीदी के दौरान टोकन जारी करते समय अनुदानित रकबे का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर पिछले वर्ष धान नहीं बेचने वाले किसानों के मामलों में भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।

बैठक में दलहन, तिलहन और मिलेट्स यानी कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी व्यवस्था तथा इन फसलों के उत्पादकों को मिलने वाले प्रोत्साहन की जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, कृषि विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, संचालक कृषि राहुल देव, संचालक भू-अभिलेख विनीत नंदवार और मार्कफेड के प्रबंध संचालक जितेन्द्र शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *