रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायपुर आएंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। इसे लेकर भाजपा संगठन ने एयरपोर्ट से लेकर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक भव्य स्वागत की तैयारियां की हैं।

अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी भाजपा संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगी और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करेंगी। इस दौरान पार्टी में मैराथन बैठकों का दौर चलेगा। संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा के साथ कई अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं।
दौरे के दौरान भाजपा कोर ग्रुप, पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विचार परिवार के सदस्यों के साथ बैठकें होंगी। इसके अलावा निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से भी संवाद किया जाएगा।
एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक जोरदार स्वागत की तैयारी
नितिन नबीन के बाद स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रभारी बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके पहले दौरे को यादगार बनाने के लिए संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, स्मृति ईरानी सुबह करीब 9 बजे रायपुर पहुंचेंगी। उनके स्वागत के लिए 20 मंडलों से हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी है। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की ओर से बाइक रैली भी निकाली जाएगी। एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक कई स्थानों और चौक-चौराहों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे।
‘मन की बात’ सुनेंगी स्मृति ईरानी, दिनभर चलेगा बैठकों का दौर
दौरे के पहले दिन संगठन की समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा। रविवार को सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाएगा।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी। शाम 3:30 से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 5:30 से 7 बजे तक पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद होगा।
पहले दिन का समापन शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक होने वाली भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक के साथ होगा।
कैबिनेट मंत्रियों से लेंगी कामकाज की रिपोर्ट
26 अक्टूबर को भी संगठनात्मक बैठकों और संवाद का सिलसिला जारी रहेगा। दिन की शुरुआत पार्टी के सभी विधायकों के साथ बैठक से होगी। इसमें स्मृति ईरानी विधायकों से रायशुमारी करेंगी और संगठन के साथ-साथ उनके विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी लेंगी।
सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भाजपा सांसदों के साथ चर्चा होगी। इसके तुरंत बाद प्रदेश प्रभारी साय कैबिनेट के सभी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान मंत्रियों के कामकाज और उपलब्धियों की रिपोर्ट भी ली जाएगी।
दोपहर 3 बजे से प्रदेश के सभी निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। वहीं, शाम 4:30 बजे से विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है।
स्मृति ईरानी का यह दौरा प्रदेश भाजपा संगठन के लिए अहम माना जा रहा है। बैठकों के जरिए संगठन की मौजूदा स्थिति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन होगा।