रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, प्रदेश के 24 परीक्षा केंद्रों में कुल 34,604 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में सबसे अधिक छह-छह केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, दुर्ग और भिलाई में चार-चार, बस्तर संभाग के जगदलपुर में दो तथा जांजगीर-चांपा जिले के चांपा और सरगुजा में एक-एक परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्रों से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलेगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचना होगा। पहली पाली के लिए सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के लिए सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3 बजे से प्रवेश शुरू होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
100 अंकों का होगा प्रश्नपत्र, गलत जवाब पर निगेटिव मार्किंग
प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। प्रश्नपत्र में कुल 100 प्रश्न होंगे और इसका पूर्णांक भी 100 अंक रहेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक यानी 0.25 अंक की कटौती होगी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरों की मॉडल आंसर-की जारी की जाएगी।
प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र अनिवार्य
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र में दर्ज केंद्र और अन्य निर्देशों की अच्छी तरह जांच कर लें।