November 24, 2026

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 62 हाथियों के बड़े दल की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हाथियों का झुंड अलग-अलग इलाकों में विचरण कर रहा है। इस बीच ड्रोन से बनाए गए एरियल वीडियो में हाथियों का पूरा दल बांध के पानी में उतरकर नहाते और अठखेलियां करते नजर आ रहा है। पानी से निकलने के बाद हाथियों ने पास के खेतों में पहुंचकर धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया।

बांध में नहाते हाथियों का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 62 हाथियों का दल बांध के पानी में दिखाई दे रहा है। हाथी पानी में नहाते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हाथियों की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

धवाई टिकरा क्षेत्र में विचरण कर रहा दल

जानकारी के मुताबिक, मरवाही वनमंडल के धवाई टिकरा इलाके में हाथियों का यह दल विचरण कर रहा है। इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की आवाजाही से आसपास के गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों ने पास के खेतों में घुसकर धान की खड़ी फसल भी रौंद दी है।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग का अमला और हाथी मित्र दल अलर्ट पर है। वनकर्मियों की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के दल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि लोग जंगल की ओर न जाएं और अकेले बाहर निकलने से बचें। हाथियों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें।

इसके अलावा हाथियों की आवाजाही की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *