November 19, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 13 नगरीय निकायों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।

बैठक में चुनाव वाले नगरीय निकायों के प्रभारी और सहप्रभारी के साथ संबंधित जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। प्रदेश सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।

संगठन की स्थिति और चुनावी प्रबंधन पर चर्चा

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री गजेंद्र यादव, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल, दयालदास बघेल, राजेश अग्रवाल और टंक राम वर्मा शामिल हुए। चुनाव वाले निकायों में संगठन की स्थिति, स्थानीय समीकरण और चुनावी प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई।

पार्टी पदाधिकारियों ने जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, नए लोगों को जोड़ने और चुनाव से पहले की तैयारियों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया। बैठक में चुनाव से पहले और चुनावी प्रक्रिया के दौरान किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी रखी गई।

प्रत्याशी चयन के लिए तीन स्तर पर बनेगी समिति

बैठक में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए जिला, संभाग और प्रदेश स्तर पर तीन समितियों के गठन की बात कही गई। संगठन की ओर से पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपने और निकाय स्तर पर समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

संतोष पाण्डेय बोले- निकायों में भी भाजपा की सरकार बनाने की तैयारी

बैठक के बाद सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि पंचायत से लेकर पार्षद और संसद तक अंत्योदय की भावना पहुंचाना पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और नगर निगमों में भी भाजपा की सरकार बनाने के लिए संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। उनके मुताबिक, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैठक में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

अमरजीत भगत के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता अमरजीत भगत की ओर से स्मृति ईरानी को ‘गब्बर’ कहे जाने संबंधी टिप्पणी पर संतोष पाण्डेय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमरजीत भगत को पहले टीएस सिंहदेव से निपटना चाहिए, उसके बाद बयानबाजी करनी चाहिए।

पाण्डेय ने कहा कि स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ आगमन प्रदेश संगठन के लिए उत्साहवर्धक रहा है। उन्होंने उनके अनुभव और मार्गदर्शन को संगठन के लिए उपयोगी बताया। राहुल गांधी को लेकर भी उन्होंने तीखी राजनीतिक टिप्पणी की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *