रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली। उन्होंने अभियान की तैयारियों, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, कार्ययोजना, विभागीय जिम्मेदारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की।

25 वर्षों की सेवा यात्रा को जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा सिर्फ वर्षों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में विश्वास की यात्रा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए इस यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाए।
जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक दीप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।
मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं में विकसित भारत की कल्पना और प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को विषय बनाया जाएगा। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगी बदलाव की कहानी
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनमें 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए बदलाव की कहानियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन प्रस्तावित किया गया है।
‘आंगन का उत्सव’ में माताओं से संवाद
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की सफलता की कहानियां
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’ पहल में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इसमें हितग्राही का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी।
इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
इसके लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
‘सेवा मेरा योगदान’ में स्वच्छता समेत कई गतिविधियां
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी-घाटों की स्वच्छता सहित विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘सरकार आपके द्वार’ के जरिए पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेंगी योजनाएं
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।
शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
कई अन्य गतिविधियां भी होंगी आयोजित
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन प्रस्तावित है।
बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।