बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

कमरे नंबर 16 में फंदे से लटका मिला छात्र
मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का रहने वाला था।
जानकारी के मुताबिक, विनय कुमार सुबह पीटी में शामिल होने नहीं गया था। पीटी के बाद जब अन्य छात्र वापस लौटे, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। छात्र को विद्यालय के कमरा नंबर 16 में फंदे से लटका देखा गया, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की जानकारी मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं
छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस छात्र के करीबियों और स्कूल से जुड़े लोगों से जानकारी जुटा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।