बस्तर । संवाददाताः देश के गृहमंत्री अमित शाह का आगामी 18 मई को दो दिवसीय बस्तर दौरा प्रस्तावित है. जिसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. गृहमंत्री अमित शाह अपने प्रवास के पहले दिन जगदलपुर शहर से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नेतानार गांव जाएंगे.
यह गांव भूमकाल आंदोलन के जननायक वीर शहीद गुंडाधुर का पैतृक गांव है. इस गांव में मौजूद सीआरपीएफ कैंप के जवानों के साथ गृहमंत्री अमित शाह मुलाकात कर रात्रि विश्राम करेंगे, साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और बस्तर के अन्य जनजातियों के प्रमुखों के साथ मुलाकात करेंगे.
इसको लेकर नेतानार गांव में तैयारी जोर-जोर से चल रही है. वहीं यहां के स्थानीय ग्रामीणों में भी अमित शाह के प्रवास को लेकर काफी खुशी देखी जा रही है.
स्थानीय ग्रामीणो में खुशी
नेतानार गांव के स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार है जब कोई केंद्रीय मंत्री उनके गांव पहुंच रहे हैं. दरअसल नेतानार गांव कभी नक्सलियों का गढ़ हुआ करता था. इसी गांव में नक्सलियों ने फॉरेस्ट रेस्ट हाउस को आईईडी से उड़ाया था.
साथ ही नक्सलियों ने एक आईईडी विस्फोट किया था जिसमे दरभा थाना प्रभारी समेत 7 जवानों की शहादत हुई थी.
नक्सलमुक्त होने के बाद इस गांव में पहली बार कोई केंद्रीय मंत्री पहुंच रहे हैं. जिसको लेकर ग्रामीण काफी खुश हैं. मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने इस गांव का दौरा किया. गांव में स्थित पुलिस कैम्प के पास ही लोक निर्माण विभाग के द्वारा हेलीपैड तैयार किया जा रहा है.
मध्य क्षेत्रीय परिषद के बैठक में होंगे शामिल
बस्तर के आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 मई को विशेष विमान से जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वायु सेना के MI 17 हेलीकॉप्टर से नेतानार गांव पहुंचेंगे और यहां मौजूद CRPF कैंप में जवानों के साथ भोजन करने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे.
अगले दिन 19 मई को जगदलपुर के एक निजी हॉटल में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26 वीं बैठक में शामिल होंगे. जिसमे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल रहेंगे. आईजी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.