November 19, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जे और फर्जी रजिस्ट्रियों को लेकर राज्य वक्फ बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा है कि 23 जनवरी के बाद वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। साथ ही कथित फर्जी रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

418 लोगों को जारी किए गए नोटिस

डॉ. सलीम राज के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड की ओर से अब तक 418 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें वक्फ संपत्तियों की कथित फर्जी रजिस्ट्री से जुड़े मामले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित रजिस्ट्रारों को भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड 23 जनवरी के आसपास इन मामलों में कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस देने की तैयारी

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि संपत्तियों पर कब्जा करने वालों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें अंतिम नोटिस देकर कब्जा खाली करने के लिए कहा जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि रायपुर के सदर बाजार और तात्यापारा सहित प्रदेश के कुछ अन्य इलाकों में वक्फ की संपत्तियां खाली कराई जा चुकी हैं। भाटगांव के आसपास भी एक संपत्ति खाली कराई गई है, जबकि दूसरी संपत्ति को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है।

वक्फ की जमीन पर अस्पताल बनाने की योजना

डॉ. सलीम राज के अनुसार, खाली कराई गई संपत्तियों का इस्तेमाल जनहित के कार्यों में करने की योजना है। धमतरी में अस्पताल का काम कराया जा रहा है। वहीं रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में लड़कियों के लिए 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण भी कराया जा रहा है।

नियमितीकरण का भी मिलेगा अवसर

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि 23 जनवरी की तारीख तय की गई है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले कब्जे हटाने और फिर संबंधित मामलों में नियमानुसार नियमितीकरण की प्रक्रिया अपनाने का विकल्प रहेगा। यदि संबंधित लोग इसके लिए तैयार नहीं होते हैं तो संपत्तियां खाली कराई जाएंगी।

सलीम राज ने कहा कि बोर्ड तय समय-सीमा के बाद अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई करेगा। अब इस मामले में 23 जनवरी के बाद होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *