November 25, 2026

रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित हो।

321 दिनों से आंदोलन का दावा

अभ्यर्थियों के मुताबिक, वे नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 321 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने पर वे शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे और अंदर धरना दिया।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सहित अधिकारियों ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे।

एसडीएम ने कहा—बसों से रायपुर ले जाया गया

आरंग एसडीएम रवि सिंह के मुताबिक, अभ्यर्थी नियम विरुद्ध तरीके से शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे थे। उन्हें वहां से हटाकर बसों के माध्यम से रायपुर ले जाया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा है मामला

यह मामला वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति निरस्त होने के बाद रिक्त पदों पर पात्र D.Ed अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी थी, लेकिन प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई।

अभ्यर्थियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं। वे न्यायालय के आदेशों का पालन कराने की मांग भी कर रहे हैं। उनके मुताबिक, आंदोलन के दौरान कई बार ज्ञापन सौंपे गए हैं और कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा तथा सांकेतिक प्रदर्शन जैसे तरीके अपनाए गए हैं।

अभ्यर्थियों ने कहा कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *