दंतेवाड़ा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ अपना 26वां राज्य स्थापना दिवस मना रहा है। प्रदेश ने इन वर्षों में विकास के कई पड़ाव पार किए हैं, लेकिन बस्तर के कुछ गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर बसा मांगनार गांव इसकी एक तस्वीर पेश करता है। यहां ग्रामीण पिछले सात-आठ वर्षों से हर साल खुद ही नदी पर अस्थायी पुल बनाकर आवागमन का रास्ता तैयार कर रहे हैं।

बांस, पत्थर और बिजली के पुराने पोल से बनाते हैं पुल
मांगनार के पास गुडरा नदी पर स्थायी पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए खुद इंतजाम करना पड़ता है। इसके लिए वे बांस, बड़े पत्थरों और पुराने बिजली के पोल का इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीण पहले नदी के भीतर बांस से गोल घेरे तैयार करते हैं और उनमें पत्थर भरकर अस्थायी पिलर बनाते हैं। इसके बाद इन पिलरों के ऊपर पुराने बिजली के पोल बिछाकर पुल तैयार किया जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हर साल नदी का जलस्तर कम होने के बाद वे इसी तरह पुल बनाते हैं। वर्ष 2025 में भी ग्रामीणों ने पुल निर्माण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर खींचने की कोशिश की थी, लेकिन अब तक स्थायी पुल नहीं बन पाया है।
करीब दो दर्जन गांवों के लिए है अहम रास्ता
ग्रामीणों का कहना है कि इस अस्थायी पुल से कौशलनार सहित आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के लोग आवागमन करते हैं। मांगनार पंचायत से बीजापुर जिला मुख्यालय की दूरी करीब 150 किलोमीटर है, जबकि दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय लगभग 50 किलोमीटर दूर है। ऐसे में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बीजापुर जिले के इन गांवों के लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें दंतेवाड़ा जिले के बारसूर से जुड़ी हुई हैं।
बरसात में बढ़ जाती है परेशानी
बारिश के दिनों में गुडरा नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब किसी ग्रामीण की तबीयत बिगड़ जाए या गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़े। नदी पर स्थायी पुल नहीं होने से लोगों को आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
विधायक से मुख्यमंत्री तक पहुंचाई मांग
मांगनार के ग्रामीणों का कहना है कि वे स्थायी पुल निर्माण की मांग क्षेत्रीय विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचा चुके हैं। सरपंच के मुताबिक, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन वर्षों बाद भी इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
एक ओर प्रदेश अपने 26 साल पूरे होने पर विकास की उपलब्धियों का जश्न मना रहा है, वहीं मांगनार के ग्रामीणों को हर साल अपनी मेहनत से नदी पर पुल बनाना पड़ रहा है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग कब पूरी होगी और उन्हें इस अस्थायी पुल से कब राहत मिलेगी।