November 7, 2026

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बेमेतरा जिले के जांता स्थित DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल के 11 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रतियोगिता ‘यंग साइंटिस्ट इंडिया’ के नेशनल शॉर्टलिस्ट में हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में चार बालिकाएं भी शामिल हैं। इस उपलब्धि से स्कूल के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है।

5 हजार प्रतिभागियों में से चुने गए देश के 66 विद्यार्थी

विश्व छात्र दिवस के अवसर पर मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 5,000 छात्र-छात्राओं ने अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट के साथ पंजीयन कराया था। तकनीकी परीक्षण और मूल्यांकन के बाद देश के 66 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया है।

इन 66 चयनित विद्यार्थियों में अकेले बेमेतरा के DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जांता के 11 छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई है। अब इन विद्यार्थियों का मुकाबला देश के अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ चेन्नई में होगा।

21 और 22 नवंबर को चेन्नई में होगा ग्रैंड फिनाले

चयनित सभी 11 विद्यार्थी आगामी 21 और 22 नवंबर को चेन्नई में आयोजित ग्रैंड फिनाले में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान विद्यार्थियों को चेन्नई के ऐतिहासिक राजभवन में विशेष सम्मान भी दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह उपलब्धि खास मानी जा रही है।

स्कूल के नाम हुआ 45 युवा वैज्ञानिकों का रिकॉर्ड

DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जांता ने वैज्ञानिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। स्कूल के अनुसार, इससे पहले यहां के 34 विद्यार्थी ‘युवा वैज्ञानिक’ के रूप में चयनित होकर PMO अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं।

अब 11 नए विद्यार्थियों के चयन के साथ स्कूल के ऐसे विद्यार्थियों की कुल संख्या 45 हो गई है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

ग्रैंड फिनाले के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची

बालिकाएं:

  • पूर्वी जायसवाल
  • नम्रता पटेल
  • आंचल साहू
  • दुलैरिन साहू

बालक:

  • राज ध्रुव
  • लिकेश चंद्राकर
  • आदित्य पटेल
  • मोक्ष साहू
  • अजय सेन
  • नमन साहू
  • निखिल निर्मलकर

प्राचार्य पीएल जायसवाल बोले- ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं

विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि 5,000 प्रतिभागियों के बीच से स्कूल के 11 विद्यार्थियों का शीर्ष 66 में चयन होना पूरे जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है।

प्राचार्य ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने चयनित सभी विद्यार्थियों को चेन्नई में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि से स्कूल और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *