पन्ना। केन-बेतवा लिंक परियोजना और अन्य विकास योजनाओं से प्रभावित परिवारों के विस्थापन, मुआवजे और पुनर्वास के मुद्दे पर संघर्ष कर रहीं 25 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता दिव्या अहिरवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। जबलपुर स्थित हाईकोर्ट की मुख्य पीठ में जस्टिस विवेक अग्रवाल की अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान पन्ना पुलिस की कार्रवाई और दर्ज मुकदमों की मंशा पर सवाल उठाए। इसके बाद अदालत ने दिव्या को जमानत दे दी।

करीब 41 दिन जिला जेल पन्ना में रहने के बाद दिव्या अहिरवार रिहा हुईं। उनकी रिहाई के मौके पर बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीण जेल के बाहर जुटे।
जेल के बाहर उमड़े ग्रामीण, मां से लिपटकर रो पड़ीं दिव्या
दिव्या की रिहाई की खबर मिलते ही करीब एक दर्जन से अधिक गांवों के लगभग 500 आदिवासी ग्रामीण जेल परिसर के बाहर पहुंच गए। कई लोग मोटरसाइकिलों और ऑटो से आए, जबकि कुछ पैदल ही वहां पहुंचे थे।
जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान दिव्या की मां गौरा बाई भी मौजूद थीं। बेटी को लंबे समय बाद सामने देखकर वह भावुक हो गईं और उससे लिपटकर रो पड़ीं।
इसके बाद पन्ना शहर में दिव्या का जुलूस निकाला गया। रास्ते में कई जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।
‘जेल में और मजबूत होकर लौटी हूं’
रिहाई के बाद दिव्या अहिरवार ने मीडिया और समर्थकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जेल के अंदर रहने के दौरान वह और मजबूत हुई हैं। इस दौरान उन्होंने पन्ना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए।
दिव्या केन-बेतवा लिंक परियोजना और अन्य विकास योजनाओं से प्रभावित गरीब एवं आदिवासी परिवारों के विस्थापन, उचित मुआवजे और पुनर्वास के अधिकारों को लेकर आवाज उठाती रही हैं।
उनकी रिहाई के बाद एक बार फिर परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे का मुद्दा चर्चा में आ गया है।