November 29, 2026

उज्जैन। प्रकाश और आस्था के महापर्व दीपावली पर धर्मनगरी उज्जैन के नई पेठ स्थित प्राचीन गजलक्ष्मी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धन और समृद्धि की देवी माता लक्ष्मी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए सुबह से ही भक्तों का पहुंचना जारी है। इस अवसर पर माता का विशेष श्रृंगार किया गया है। वहीं, पूरे मंदिर परिसर को नोटों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

5100 लीटर दूध से किया दुग्धाभिषेक

मंदिर के पुजारी के अनुसार, दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन विशेष दुग्धाभिषेक का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस अनुष्ठान में 5100 लीटर से अधिक दूध से माता गजलक्ष्मी का अभिषेक किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

अभिषेक के बाद दूध को प्रसाद के रूप में भक्तों में वितरित किया गया। श्रद्धालु इसे घर ले जाकर खीर बनाएंगे और माता को भोग लगाने के बाद परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे।

इसके बाद माता का भव्य श्रृंगार कर महाआरती की गई। शाम को माता को छप्पन भोग और महाभोग अर्पित किया जाएगा।

सम्राट विक्रमादित्य से जुड़ी है मंदिर की मान्यता

मान्यता है कि सम्राट विक्रमादित्य ने अपने राज्य में सुख, शांति और वैभव बनाए रखने के लिए माता गजलक्ष्मी की स्थापना कर उनकी आराधना की थी। इसी वजह से माता गजलक्ष्मी को उज्जैन की समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है।

दीपावली पर मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और घर में स्थायी रूप से लक्ष्मी का वास होने की कामना कर रहे हैं।

पांच शुक्रवार दही चढ़ाने की भी मान्यता

मंदिर के पुजारी के अनुसार, मान्यता है कि लगातार पांच शुक्रवार माता को दही अर्पित करने से कुंडली में शुक्र ग्रह मजबूत होता है और आर्थिक स्थिति में स्थिरता आती है। इसी आस्था के चलते शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

पांच दिवसीय उत्सव के दौरान मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मंदिर की ओर से महिलाओं को सिंदूर भी भेंट किया जा रहा है। दीपावली के मौके पर पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों और श्रद्धालुओं की आस्था से गूंज रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *