भोपाल। राजधानी के ऐशबाग इलाके में स्थित हाउसिंग बोर्ड के EWS जनता क्वार्टर्स को तोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इन जर्जर फ्लैट्स पर 14 नवंबर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है। प्रशासन ने रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने इन मकानों को मई 2016 में ही जर्जर घोषित कर दिया था। अब मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति 2022 के तहत इन्हें तोड़कर आधुनिक मल्टी का निर्माण किया जाएगा।

110 मूल आवंटियों को मिलेगा नया फ्लैट
योजना के तहत कुल 600 जर्जर मकानों को ध्वस्त किया जाना है। इनमें से 110 मूल आवंटियों को ही पूरी तरह वैध पाया गया है। इन पात्र आवंटियों को नए फ्लैट दिए जाएंगे, जो मौजूदा मकानों से करीब 20 प्रतिशत बड़े होंगे। पुनर्विकास के दौरान उन्हें कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार मासिक किराया भी दिया जाएगा।
200 परिवारों के दस्तावेजों पर विवाद
करीब 200 परिवारों के पास नोटरी दस्तावेज होने का दावा है। इनमें से कई परिवारों की आधी से ज्यादा किस्तें भी बकाया बताई जा रही हैं। रहवासियों का आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड इन परिवारों को भी अवैध मान रहा है।
वहीं, करीब 300 परिवारों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण हाउसिंग बोर्ड उन्हें अवैध कब्जाधारी मान रहा है। ऐसे परिवारों को पुनर्विकास योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।
रहवासियों ने मांगी वैकल्पिक व्यवस्था
ध्वस्तीकरण की तारीख नजदीक आने के साथ ही सैकड़ों परिवारों की चिंता बढ़ गई है। जिन परिवारों के पास वैध दस्तावेज नहीं हैं या जिनके मामले विवादित हैं, वे प्रशासन से वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि मकान तोड़ने से पहले सरकार या हाउसिंग बोर्ड उनके रहने की उचित व्यवस्था करे। वहीं, 14 नवंबर से प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर इलाके में अनिश्चितता बनी हुई है।