November 22, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का आंदोलन फिर तेज हो गया है। पदों की संख्या बढ़ाने और चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के बंगले तक रैली निकालकर ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई है। हालांकि, प्रशासन ने रैली की अनुमति नहीं दी है।

दो महीने तक कर चुके हैं धरना और भूख हड़ताल

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पद वृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले वे लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के सामने करीब दो महीने तक धरने पर बैठे थे। इस दौरान भूख हड़ताल भी की गई थी।

लंबे समय से मांगें पूरी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए और चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

मंत्री के बंगले तक मार्च निकालने की तैयारी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की योजना बोर्ड ऑफिस चौराहे से रैली निकालकर स्कूल शिक्षा मंत्री के बंगले तक पहुंचने और उन्हें ज्ञापन सौंपने की है। प्रशासन की ओर से रैली की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक पदों में वृद्धि और नियुक्ति को लेकर ठोस फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस और प्रशासन अलर्ट, यातायात प्रभावित

प्रदर्शन और मंत्री के बंगले तक मार्च की सूचना के बाद बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

अभ्यर्थियों की भीड़ के चलते राजधानी के इस व्यस्त इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *