धार। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में धार जिला पुलिस ने गांजे की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उमरबन चौकी क्षेत्र के ग्राम बढ़िया और पटेलपुरा में मक्का, अरहर और कपास की फसलों के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। पुलिस ने करीब 7 से 8 खेतों में दबिश देकर गांजे के पौधे जब्त किए हैं।

67.29 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए गांजे के पौधों का कुल वजन लगभग 67.29 क्विंटल है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस इसे जिले में गांजे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बता रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और खेतों में तलाशी व जब्ती की कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई पूरी होने के बाद जब्त गांजे की कुल मात्रा और बढ़ सकती है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।