जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में बदमाशों ने हथियारों के बल पर पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। कोसमघाट स्थित श्रीराम फ्यूल स्टेशन पर दो बाइकों से पहुंचे 3 से 4 बदमाशों ने पहले सामान्य ग्राहकों की तरह पेट्रोल भरवाया और भुगतान किया। इसके बाद सेल्समैन के पास नकदी देखकर पिस्तौल और चाकू की नोक पर गल्ले में रखे रुपये लूट लिए। पूरी घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पहले पेट्रोल भरवाया, फिर हथियार दिखाकर की लूट
जानकारी के मुताबिक, बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उन्होंने पहले अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाया और सेल्समैन को पैसे दिए। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने कर्मचारी के पास रखी नकदी का अंदाजा लगाया।
मौका मिलते ही बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू निकालकर सेल्समैन को धमकाया और गल्ले में रखे रुपये लूट लिए। वारदात के बाद सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की करतूत कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों के हुलिए और उनकी बाइकों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तलाश में जुटीं
लूट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सेल्समैन और पेट्रोल पंप संचालकों से पूछताछ कर मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी भी की गई है।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और पेट्रोल पंप संचालकों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।