November 24, 2026

विदिशा। शहर के बाल विहार क्षेत्र में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों और स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूनगो शामिल हुए। उन्होंने त्योहारों के दौरान रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को होने वाली परेशानियों पर चिंता जताई और प्रशासन से कानून के दायरे में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बिना कानूनी प्रक्रिया सामान जब्त करने की शिकायतें

प्रियंक कानूनगो ने वेंडर्स से बातचीत के दौरान कहा कि देश के कई हिस्सों से शिकायतें मिल रही हैं कि त्योहारों के समय स्ट्रीट वेंडर्स को बिना विधिक प्रक्रिया अपनाए उनके स्थानों से हटा दिया जाता है और उनका सामान जब्त कर लिया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में आयोग ने संज्ञान लिया है और सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि स्ट्रीट वेंडर्स के खिलाफ कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही हो।

त्योहारों में आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए

कानूनगो ने कहा कि नवरात्र से लेकर दीपावली, छठ पूजा और देवप्रबोधिनी एकादशी तक का समय छोटे कारोबारियों के लिए आजीविका कमाने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में उनकी रोजी-रोटी में अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए।

पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े 75 लाख वेंडर्स

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना के माध्यम से करीब 75 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को एक परिवार से जोड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी दो वर्षों में यह संख्या बढ़कर सवा करोड़ तक पहुंच सकती है।

कानूनगो ने कहा कि वे इसी परिवार से जुड़े लोगों से संवाद करने विदिशा पहुंचे हैं। इस दौरान स्थानीय स्तर पर स्ट्रीट वेंडिंग कमेटी का गठन नहीं होने, वेंडर्स को उचित स्थान आवंटित करने में कमी और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता जैसे मुद्दे भी सामने आए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *