November 23, 2026

पन्ना। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। इसका अंदाजा जिला चिकित्सालय में सामने आए मामलों से लगाया जा सकता है। महज दो घंटे के भीतर कुत्तों के हमले में घायल 10 से 12 लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इनमें कई बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

बुजुर्ग किसान पर हमला, हाथ का अंगूठा हुआ अलग

कुत्तों के हमले की गंभीर घटना बरेडा गांव में सामने आई। यहां 76 वर्षीय किसान ठाकुरदीन मिश्रा घर के बाहर धूप में बैठे थे। इसी दौरान एक आक्रामक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया।

वहीं, बृजपुर निवासी 11 वर्षीय रेशमा कोरी और कलदा गांव की 11 वर्षीय रागनी वर्मा अपनी बहन प्रियांशु वर्मा के साथ कुत्तों के हमले का शिकार हुईं। बताया गया कि रागनी शौच के लिए जा रही थी, तभी कुत्तों ने हमला कर दिया।

एक ही परिवार के तीन लोगों को बनाया निशाना

बड़गड़ी गांव में भी कुत्ते के हमले की घटना सामने आई। यहां 14 वर्षीय आर्यन चौकीदार, उनकी दादी सुचित्रा चौकीदार और दादा सुजीत चौकीदार पर कुत्ते ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

दो घंटे में 10 से 12 मरीज पहुंचे अस्पताल

इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल यादव के मुताबिक, उनके कार्यकाल के दौरान महज दो घंटे में कुत्तों के हमले से घायल 10 से 12 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें दो से तीन मरीजों की हालत बेहद गंभीर थी। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया और गंभीर घायलों के माइनर ऑपरेशन भी किए।

रेबीज के खतरे को लेकर डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह

आवारा कुत्तों के हमलों के बाद रेबीज संक्रमण की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने घायलों और उनके परिजनों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में डर और नाराजगी है। नागरिकों ने आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से राहत दिलाने के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *