November 25, 2026

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कीटनाशक मिली शराब पिलाकर दो लोगों की हत्या के मामले में अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। प्रधान सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने आरोपी रामगोपाल खुंटे को दोषी ठहराते हुए दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उस पर कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। जुर्माना नहीं भरने पर 6-6 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास का आदेश दिया गया है।

मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भठली का है। अभियोजन के मुताबिक, आरोपी रामगोपाल खुंटे शराब बेचने का काम करता था। उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सुंदरलाल कुर्रे का घर था। सुंदरलाल के घर लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिसे लेकर आरोपी नाराज था। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।

शराब की शीशी में मिलाया था कीटनाशक

घटना 6 मार्च 2025 की शाम करीब 7 बजे की है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपी ने देशी शराब की 180 एमएल की शीशी में कीटनाशक मिलाया और सुंदरलाल कुर्रे के घर पहुंचा। सुंदरलाल ने शराब पीने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने घर की परछी में बैठे सीताराम लहरे और रोहित कुमार तेंदुलकर को शराब पीने के लिए दे दी।

शराब पीने के कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

फॉरेंसिक जांच में मिला फेनोबुकार्ब कीटनाशक

पुलिस जांच के दौरान आरोपी के घर से कीटनाशक दवाइयों के डिब्बे बरामद किए गए। न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला, बिलासपुर की जांच में मृतकों के विसरा में कार्बामेट कीटनाशक फेनोबुकार्ब के साथ इथाइल और मिथाइल अल्कोहल पाया गया। फॉरेंसिक रिपोर्ट ने शराब में कीटनाशक मिलाए जाने की पुष्टि की।

19 गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्य बने आधार

मामले में अभियोजन पक्ष ने कुल 19 गवाहों के बयान कराए। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था, लेकिन गवाहों के बयान, जब्त सामग्री और फॉरेंसिक रिपोर्ट सहित परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित माना।

इसके बाद प्रधान सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने 34 वर्षीय रामगोपाल खुंटे, निवासी ग्राम भठली, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड और भुगतान नहीं करने पर अतिरिक्त सश्रम कारावास का आदेश दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *