रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र के 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक पाठ्यक्रम शामिल हैं। प्रवेश से संबंधित जानकारी अभ्यर्थी चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट cgdme.in पर प्राप्त कर सकते हैं।

तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक पाठ्यक्रम
डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी और मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शामिल हैं।
वहीं, स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, बैचलर ऑफ साइंस हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर्स ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री और बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
इन क्षेत्रों में करियर बनाने का मौका
इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग के क्षेत्र में एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच सेवाओं में काम करने के अवसर मिल सकते हैं। मेडिकल लेबोरेटरी से जुड़े पाठ्यक्रमों के बाद पैथोलॉजी लैब, ब्लड बैंक और शोध प्रयोगशालाओं में काम किया जा सकता है।
इसी तरह एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी का कार्यक्षेत्र शल्य कक्ष, गहन चिकित्सा इकाई और आपातकालीन विभाग से जुड़ा है। डायलिसिस टेक्नोलॉजी में डायलिसिस इकाइयों और गुर्दा रोग विभागों में काम करने का अवसर मिलता है, जबकि ऑप्टोमेट्री के विद्यार्थी नेत्र अस्पतालों और दृष्टि जांच केंद्रों में करियर बना सकते हैं।
आवेदन से पहले पात्रता और नियमों की जांच जरूरी
प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन करने और शुल्क जमा करने से पहले आधिकारिक प्रवेश अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। पाठ्यक्रमों की पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग की वेबसाइट cgdme.in पर जारी सूचना देख सकते हैं।