रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 321 दिनों से आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन गुरुवार को फिर तेज हो गया। 422 अभ्यर्थी अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पहुंचे और नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए।

पुलिस कार्रवाई में अभद्र व्यवहार का आरोप
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि जब तक सरकार 2300 पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित नहीं करती, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। अभ्यर्थियों के मुताबिक, मौके पर करीब 500 पुलिस जवान पहुंचे और उनके साथ परिवारजनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि महिला प्रदर्शनकारियों और उनके परिजनों को घसीटकर बसों में बैठाया गया तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद सभी को सेंट्रल जेल रायपुर ले जाया गया। इस पुलिस कार्रवाई को लेकर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई है।
321 दिनों से नियुक्ति का इंतजार
डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग कोई नई भर्ती या अतिरिक्त पदों की नहीं है, बल्कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की है। उनका आरोप है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भावना के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है और पिछले 321 दिनों से उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है।
अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि नियुक्ति और न्याय की मांग करना क्या अपराध है? उनका कहना है कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण और बेटियों के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही महिला अभ्यर्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार किया गया। दीपावली जैसे पर्व पर भी परिवार से दूर आंदोलन कर रही अभ्यर्थियों ने सरकार से उनकी स्थिति समझने की अपील की है।
अगली कैबिनेट बैठक को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
शिक्षा मंत्री के बंगले पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी कैबिनेट बैठक में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे परिवारजनों के साथ इससे भी बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचकर आंदोलन करेंगे।
अभ्यर्थियों ने लंबे संघर्ष, पुलिस कार्रवाई और परिवारों की परेशानियों के बीच गहरी निराशा जताई है। उन्होंने आत्मदाह जैसे आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी भी दी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की है।
डीएड अभ्यर्थियों की पांच प्रमुख मांगें
- सेंट्रल जेल रायपुर ले जाए गए सभी डीएड अभ्यर्थियों और उनके परिवारजनों को तत्काल रिहा किया जाए।
- महिला अभ्यर्थियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति के संबंध में आगामी कैबिनेट बैठक में सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
- नियुक्ति की निश्चित तारीख और समय-सीमा सार्वजनिक की जाए।
- हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भावना के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।
अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द संवाद स्थापित कर उनकी मांगों का समाधान निकालने की अपील की है। उनका कहना है कि आगामी कैबिनेट बैठक में नियुक्ति को लेकर स्पष्ट निर्णय और समय-सीमा घोषित की जानी चाहिए, ताकि लंबे समय से जारी आंदोलन समाप्त हो सके।