November 24, 2026

धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरा, परेवाडीह और कुरमातराई में पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपियों के पास से कुल 5,520 रुपये नकद और ताशपत्तियां जब्त की गईं।

मुखबिर की सूचना पर चार जगह छापेमारी

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर ताश के जरिए जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चार स्थानों पर छापेमारी की।

लिमतरा से 7, परेवाडीह और कुरमातराई से 2-2 गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान ग्राम लिमतरा के कला मंच के पास दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल सात आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं, ग्राम परेवाडीह में बडरा तालाब के सामने मेन रोड से दो और ग्राम कुरमातराई में रंगमंच शेड के नीचे से दो जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए।

चार प्रकरण दर्ज, 5,520 रुपये नकद जब्त

पुलिस ने चारों जुआ फड़ों से अलग-अलग रकम बरामद की। लिमतरा के पहले फड़ से 1,750 रुपये और दूसरे से 1,560 रुपये मिले। परेवाडीह से 950 रुपये और कुरमातराई से 1,260 रुपये जब्त किए गए। प्रत्येक स्थान से 52 पत्ती ताश भी बरामद की गई।

सभी 11 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान जारी

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *