November 24, 2026

आरंग। आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिवार को मुआवजा देने और सड़क पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चम्पारण रोड पर चक्काजाम कर दिया।

नहाने जा रहे युवक को हाइवा ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज सुबह नहाने के लिए जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह से ही चम्पारण रोड पर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही आरंग तहसीलदार और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *