भोपाल। मध्य प्रदेश में पात्र भू-स्वामियों को उनकी जमीन और मकान के पट्टों की पक्की रजिस्ट्री मुफ्त उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना को बड़े अभियान के रूप में चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी पात्र हितग्राहियों की जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लॉट और मकान के साथ उसके पक्के राजस्व दस्तावेज होना भी जरूरी है। ये दस्तावेज भू-स्वामी को मालिकाना हक दिलाने के साथ संपत्ति के क्रय-विक्रय का अधिकार भी देते हैं। योजना के तहत ऐसे लोगों को पक्की रजिस्ट्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिनके पास प्लॉट या मकान का पट्टा है, लेकिन उसकी रजिस्ट्री नहीं है।
रजिस्ट्री का स्टांप शुल्क सरकार भरेगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के तहत सभी पात्र हितग्राहियों की जमीन के पट्टों की पक्की रजिस्ट्री कराई जाएगी। इसके लिए लगने वाला स्टांप शुल्क राज्य सरकार अपने खजाने से जमा करेगी। यानी संपत्ति भू-स्वामी के नाम पर ही रहेगी और रजिस्ट्री भी उसी के नाम होगी, लेकिन इसके लिए हितग्राही को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
उन्होंने कहा कि पक्की रजिस्ट्री मिलने से भू-स्वामियों के लिए आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे। वे अपनी संपत्ति के आधार पर ऋण लेने के लिए भी पात्र हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अगले वर्ष इसे ‘युवा वर्ष’ से भी जोड़ा जाएगा।
धनतेरस पर गांवों में रजिस्ट्री पूरी कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी 6 नवंबर को धनतेरस के दिन प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और विधायक अपने पैतृक गांव या पसंद के किसी अन्य गांव में पहुंचकर मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री अपने सामने पूरी कराएंगे।
उन्होंने जिला कलेक्टरों को प्रभारी मंत्रियों, स्थानीय मंत्रियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर जिले में पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री पूरी कराने को कहा। किसी गांव में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूरी होने पर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में छोटा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
1 नवंबर तक 12.87 लाख रजिस्ट्रियां पूरी
बैठक में प्रमुख सचिव राजस्व डॉ. ई. रमेश कुमार ने बताया कि 1 नवंबर 2026 तक प्रदेश में कुल 12 लाख 87 हजार 252 रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। विभाग का प्रयास है कि 15 नवंबर तक यह आंकड़ा 20 लाख तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।