November 25, 2026

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने गए थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने के बाद मौत हो गई। घटना खातेगांव क्षेत्र में इंदौर-बैतूल हाईवे के नेमावर रोड पर हुई। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक और हड़कंप का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराब से भरे ट्रक का पिछला पहिया चढ़ा

मिली जानकारी के मुताबिक, अवैध शराब तस्करी की सूचना मिलने पर खातेगांव TI दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ नेमावर रोड पहुंचे थे। इसी दौरान शराब से भरे एक आयशर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह गया था। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

दो घंटे तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान

अस्पताल में करीब दो घंटे तक उनका इलाज किया गया। इस दौरान CPR भी दिया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रक और शराब तस्करी से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है।

2007 बैच के उप निरीक्षक थे दिलीप पुरी

दिलीप पुरी 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। थाना प्रभारी बनने के बाद वे इंदौर के हीरा नगर और चंदन नगर थानों में भी पदस्थ रहे थे। उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *