शिवपुरी। भगवान कृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विरोध का सामना कर रहे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई दी है। यदुवंशी समाज सहित अन्य लोगों की नाराजगी के बीच उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने टिप्पणी को विनोद यानी मजाक में कही गई बात बताया।

करैरा की कथा में की थी टिप्पणी
हाल ही में शिवपुरी जिले के करैरा में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था, “हम राम जी वाले हैं, तुम्हारे वाले (कृष्ण) टेढ़े हैं।” बयान सामने आने के बाद धार्मिक और सामाजिक स्तर पर विरोध हुआ था। खासकर यदुवंशी समाज के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई थी।
‘बात का अर्थ का अनर्थ मत निकालो’
विरोध के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “कभी-कभी हम विनोद में कुछ भी कह जाते हैं, भाव में बोल जाते हैं, उसका अर्थ का अनर्थ मत निकालो। हमारे नाम में भी कृष्ण है। ठाकुर जी तो टेढ़े हैं ही, बंसी वाले। जिससे ज्यादा प्रेम होता है, उससे ऐसी बात कही जाती है।”
उन्होंने इसे ‘ब्याज स्तुति’ बताते हुए कहा कि गोपियां भी भ्रमर गीत में भगवान को कपटी कहती हैं।
‘मैं कृष्ण विरोधी नहीं हो सकता’
अपनी सफाई में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि आजकल जल्दी प्रसिद्धि पाने के लिए ‘बाबा बागेश्वर का विरोध’ करने का चलन बन गया है। उन्होंने खुद को भगवान का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वे कृष्ण विरोधी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा, “जग में सुंदर हैं दो नाम—राम और श्याम।”