November 25, 2026

हरदा/देवास। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हुई मौत के मामले में अब हरदा जिले के टिमरनी का कनेक्शन सामने आया है। इसके बाद प्रशासन ने सोमवार को टिमरनी में शराब दुकानों के स्टॉक और दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई के दौरान शराब ठेकेदार पातेंद्र जायसवाल के नाम से संचालित तीन लाइसेंसी दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं, ठेकेदार के मैनेजर भूपेंद्र सिंह राणा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

संयुक्त टीम ने की औचक जांच

सोमवार को ASP अमित मिश्रा, तहसीलदार देवशंकर धुर्वे और आबकारी अधिकारी सुनील भोजने सहित पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम टिमरनी पहुंची। अधिकारियों ने राधाबाई की पुलिया के पास स्थित प्रमुख शराब दुकान समेत अन्य संबंधित दुकानों का निरीक्षण किया।

टीम ने दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक का मिलान किया और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद पातेंद्र जायसवाल के नाम से संचालित तीन लाइसेंसी दुकानों को सील कर दिया गया। मामले में मैनेजर भूपेंद्र सिंह राणा से पूछताछ की जा रही है।

शराब से भरे ट्रक का टिमरनी से कनेक्शन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इंदौर-बैतूल हाईवे पर जिस शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से TI दिलीप पुरी की मौत हुई थी, उसमें शराब टिमरनी की इसी दुकान से लोड किए जाने की बात सामने आई है।

हालांकि, पुलिस और आबकारी विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारी स्टॉक रजिस्टर, परिवहन पर्चियों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि शराब का परिवहन नियमों के मुताबिक हुआ था या इसमें कोई अनियमितता बरती गई थी।

परिवहन और शराब के स्रोत की जांच जारी

TI दिलीप पुरी की मौत के मामले में टिमरनी कनेक्शन सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। प्रशासन शराब के स्रोत, ट्रक में लोडिंग और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *