November 25, 2026

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सोमवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी हिस्सा लिया और तीन किलोमीटर से अधिक पैदल चले। यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

गोल बाजार से शुरू हुई पदयात्रा, प्रमुख मार्गों से गुजरी

पदयात्रा शहर के गोल बाजार से शुरू हुई। इसके बाद यह मालवीय चौक, लार्डगंज और बड़ा फुहारा सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस गोल बाजार पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा मार्ग पर कई स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह और प्रहलाद सिंह पटेल, स्थानीय सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस झूठ का पहाड़ खड़ा कर रही है: मोहन यादव

पदयात्रा के समापन पर गोल बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा देश को भ्रमित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास का भी जिक्र किया।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “जो लोग नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नहीं हुए, वे देश के किसके होंगे?” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू और उनके साथियों ने नेताजी को कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया था।

आपातकाल और परिवारवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की दादी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद देश में आपातकाल लगाया था। साथ ही राजीव गांधी पर भी सत्ता बचाने के लिए संवैधानिक मर्यादाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस को इस बात से परेशानी है कि एक गरीब चाय वाले का बेटा देश का प्रधानमंत्री कैसे बन गया। उन्होंने राहुल गांधी पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि जनता सब समझ चुकी है।

जनसभा के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘कहीं नहीं जाएंगे मोदी’ के नारे भी लगवाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *