जबलपुर। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की सहायक फोरमैन ग्रेड-सी भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने NCL प्रबंधन को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई है।

270 पदों के लिए निकली थी भर्ती
जानकारी के अनुसार, NCL ने 9 फरवरी 2026 को सहायक फोरमैन के 270 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। चयन प्रक्रिया के तहत 8 अगस्त 2026 को परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इसके बाद कुछ परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं।
इन शिकायतों के आधार पर NCL प्रबंधन ने 10 अक्टूबर 2026 को पूरी चयन परीक्षा रद्द करने का आदेश जारी कर दिया। इस फैसले को चुनौती देते हुए चयनित अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
याचिकाकर्ताओं ने उठाए सवाल
याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि जांच के दौरान उन चुनिंदा अभ्यर्थियों की पहचान कर ली गई थी, जिन पर परीक्षा में गड़बड़ी करने का आरोप था। ऐसे में कुछ लोगों की कथित अनियमितताओं के कारण पूरी चयन प्रक्रिया रद्द करना उचित नहीं है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि इस फैसले से उन मेधावी उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ है, जिन्होंने मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा पास की थी।
जस्टिस विशाल धगट की बेंच में हुई सुनवाई
मामले की सुनवाई जस्टिस विशाल धगट की सिंगल बेंच में हुई। अदालत ने याचिका में उठाए गए मुद्दों और अंतरिम राहत की मांग पर NCL प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
अब प्रबंधन के जवाब और 23 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हैं।