November 26, 2026

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश की छात्रा प्रियंका सेंगर से आंखों का इलाज कराने का जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। बड़वानी निवासी प्रियंका दिल्ली में इलाज कराने के बाद फ्लाइट से स्वस्थ होकर इंदौर लौट आई हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।

तीन साल की उम्र में हादसे में खराब हुई थी आंख

19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रियंका सेंगर भी शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी की नजर उनकी खराब आंख पर पड़ी तो उन्होंने इसकी वजह पूछी।

प्रियंका ने बताया था कि जब वह महज तीन साल की थीं, तब उनकी आंख में चूना चला गया था। इस हादसे में उनकी एक आंख की रोशनी चली गई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह आगे इलाज नहीं करा पा रही थीं।

राहुल गांधी ने मंच से दिया था इलाज का भरोसा

प्रियंका की परेशानी सुनने के बाद राहुल गांधी ने मंच से ही दिल्ली में उनका इलाज कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रियंका के माता-पिता से फोन पर बात कर मदद का भरोसा दिलाया था।

दिल्ली में हुआ इलाज, बेहतर हुई आंखों की रोशनी

पिछले महीने राहुल गांधी की टीम ने प्रियंका और उनके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें दिल्ली बुलाया। वहां एक अस्पताल में उनकी आंखों का इलाज कराया गया। साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इलाज के बाद उनकी आंखों की विजिबिलिटी पहले से बेहतर हुई है।

अब प्रियंका इलाज के बाद फ्लाइट से इंदौर लौट आई हैं। उनके लौटने की जानकारी सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *