छतरपुर। जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति अपनी घायल बकरी को गोद में लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गया और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का आरोप है कि बकरी का पैर तोड़ने की शिकायत लेकर वह पहले सिविल लाइन थाने गया था, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई।

गाड़ी पर चढ़ने से नाराज होकर बकरी को पीटने का आरोप
पीड़ित की पहचान ग्राम गौरा निवासी दुबियालाल पटेल के रूप में हुई है। उसके मुताबिक, उसकी बकरी पड़ोस में खड़ी एक गाड़ी पर चढ़ गई थी। इससे नाराज होकर देवकीनंदन पटेल ने लाठी से बकरी पर हमला कर दिया, जिससे उसका पैर टूट गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस घटना का विरोध किया तो देवकीनंदन ने उसके साथ अभद्रता भी की।
थाने में शिकायत के बाद एसपी कार्यालय पहुंचा
दुबियालाल के मुताबिक, वह रात में ही शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा था, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह घायल बकरी को लेकर सीधे एसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने बताया कि एसपी कार्यालय में अधिकारियों ने उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने थाना प्रभारी को निर्देश देने और बकरी का मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है। पीड़ित के अनुसार, डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर आगे जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।