विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के करैयाखेड़ा स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि एक युवक पिछले करीब चार महीने से उसे परेशान कर रहा था। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। परिजनों के मुताबिक, जेल से छूटने के बाद युवक ने दोबारा युवती को परेशान करना शुरू कर दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमरे में फंदे पर लटकी मिली आरती
मृतका की पहचान आरती अहिरवार (22), पिता रणधीर अहिरवार के रूप में हुई है। वह करैयाखेड़ा की गोकुलधाम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय आरती अपने कमरे में थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दूसरे रास्ते से कमरे में पहुंचने पर वह फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने युवक पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
परिजनों का आरोप है कि एक युवक करीब चार महीने से आरती को परेशान और छेड़छाड़ कर रहा था। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। परिजनों के मुताबिक, शिकायत के बाद युवक कुछ समय जेल में रहा, लेकिन वापस आने पर उसने फिर से आरती को परेशान करना शुरू कर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।