जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र के रजौला स्थित एक पंचर बनाने की दुकान में दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक में हवा भरते समय कंप्रेसर टंकी फटने से रामकिशोर प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक बाल बाल बच गया।
अचानक टंकी में ब्लास्ट हो गया
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौला वार्ड नंबर 12 हनुमान मंदिर के पास रामकिशोर मड़ैया में कंप्रेशर मशीन लगाकर कई साल से वाहनों का पंचर बनाने का काम करता था। एक बाइक का पंचर बनाने के पहले टायर में हवा भरकर चेक करना था। इसी दौरान वह टायर में हवा भरकर अंदर कंप्रेसर मशीन की नॉब बंद करने गया ही था कि अचानक टंकी में ब्लास्ट हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

टंकी में हवा का दबाव अधिक हो जाने से घटना
तेज धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कंप्रेसर मशीन के चीथड़े उड़ गए और रामकिशोर मृत हालत में पड़ा था। हादसे में बाइक चालक बाल बाल बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाइक चालक के बयान के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया कंप्रेसर टंकी में हवा का दबाव अधिक हो जाने से घटना होने का आशंका जताई जा रही है।