मध्य प्रदेश के घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। गैस कंपनियों ने आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी (e-KYC) अभियान तेज कर दिया है। उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर 16 अगस्त से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा कराने की अपील की जा रही है। निर्धारित समय सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
राज्य में करीब 1.37 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से 39.48 लाख उपभोक्ताओं का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है, जो कुल उपभोक्ताओं का लगभग 22.21 प्रतिशत है। गैस कंपनियां शेष उपभोक्ताओं का सत्यापन जल्द पूरा कराने के लिए अभियान चला रही हैं।

राजधानी भोपाल में 7.55 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 1.94 लाख उपभोक्ताओं ने अब तक बायोमेट्रिक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे उपभोक्ताओं को एसएमएस और अन्य माध्यमों से लगातार सूचना भेजी जा रही है।
गैस एजेंसियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित है, उन्हें अपने नजदीकी गैस एजेंसी कार्यालय में आधार कार्ड के साथ जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करना, फर्जी गैस कनेक्शनों पर रोक लगाना और सरकारी सब्सिडी का लाभ सही पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें। अंतिम दिनों में गैस एजेंसियों पर अधिक भीड़ होने की संभावना है, जिससे असुविधा हो सकती है। यदि किसी उपभोक्ता को ई-केवाईसी संबंधी एसएमएस प्राप्त हुआ है, तो उसे जल्द से जल्द आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर अपनी एलपीजी सेवा निर्बाध बनाए रखनी चाहिए।