रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के युवाओं के हित में संवेदनशील पहल करते हुए शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीखों में टकराव का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां जारी कर दी हैं।

शिक्षक भर्ती परीक्षा से हो रहा था टकराव
CGPSC ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां तय की गई थीं।
इसी बीच 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित थी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने तारीखों के टकराव के कारण किसी एक परीक्षा से वंचित होने की स्थिति बन रही थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बदली तारीख
अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। इसके बाद CGPSC ने मुख्य परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस बदलाव से शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस विभाग की मुख्य परीक्षा के बीच तारीखों का टकराव खत्म हो गया है।
‘युवाओं का हित सर्वोपरि’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अभ्यर्थी वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को दो अवसरों में से एक चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील है और उनके भविष्य से जुड़े मामलों में तत्परता से निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन की सलाह
CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा और आवेदन से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
मुख्यमंत्री साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।