
उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मनोज जोशी शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
अभिनेता ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकालेश्वर की आराधना की। भस्म आरती के दौरान उन्होंने धार्मिक वातावरण में बाबा महाकाल के दर्शन किए।
मंदिर समिति ने किया स्वागत
मनोज जोशी के उज्जैन पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने उनका स्वागत और सत्कार किया।
दर्शन के बाद अभिनेता ने भस्म आरती के अनुभव को ‘दिव्य साक्षात्कार’ बताया। उन्होंने बाबा महाकाल से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
युवाओं के लिए मांगी शक्ति
मनोज जोशी ने कहा कि बाबा महाकाल सबका कल्याण करें और देश के युवाओं को शक्ति प्रदान करें, ताकि युवा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत होकर देश के विकास में योगदान दे सकें।
महाकाल मंदिर में देशभर से आने वाली फिल्मी हस्तियों और प्रसिद्ध लोगों के दर्शन का सिलसिला लगातार जारी रहता है। भस्म आरती को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है और इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।