
इंदौर में ‘गोरिल्ला’ ने संभाला ट्रैफिक, रॉन्ग साइड वालों को रोका; अनोखे अंदाज में दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
इंदौर। शहर के पलासिया चौराहे पर मंगलवार को ट्रैफिक जागरूकता का अनोखा नजारा देखने को मिला। सड़क पर अचानक गोरिल्ला ट्रैफिक संभालता नजर आया, जिसे देखकर राहगीरों और वाहन चालकों की नजरें उस पर टिक गईं। हालांकि, यह मनोरंजन नहीं बल्कि इंदौर पुलिस का ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता अभियान था।
गोरिल्ला ने रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को रोका और उन्हें सही दिशा में जाने का इशारा किया। वहीं जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़े करने वालों को पीछे हटाया गया, ताकि पैदल यात्री सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर सकें।
हेलमेट और सीट बेल्ट का भी दिया संदेश
अभियान के दौरान कई वाहन चालकों ने गोरिल्ला के इशारे पर अपने वाहन स्टॉप लाइन के पीछे कर लिए। दोपहिया चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया गया।
गोरिल्ला ने बुजुर्गों और पैदल यात्रियों को सड़क पार कराने में भी मदद की और यातायात पुलिस के संचालन में सहयोग किया। अभियान के दौरान एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया, यातायात पुलिस के अधिकारी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
‘जब मैं समझ सकता हूं तो आप क्यों नहीं?’
अभियान का संदेश भी बेहद दिलचस्प रहा—“मैं तो जानवर हूं, फिर भी मुझे ट्रैफिक सेंस है… तुम तो इंसान हो।” लोगों को समझाया गया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन केवल चालान का कारण नहीं बनता, बल्कि गंभीर दुर्घटना और जान के नुकसान का कारण भी बन सकता है।
इंदौर पुलिस का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि ट्रैफिक नियमों का पालन चालान के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर किया जाए। गोरिल्ला के इस अनोखे अंदाज का वीडियो और अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।