September 14, 2026

जबलपुर। शहर में नामी ब्रांड PUMA के नाम और लोगो का कथित तौर पर इस्तेमाल कर नकली कपड़े बेचने वाले गिरोह के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एक दुकान मालिक और सप्लायर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 496 नकली कपड़े बरामद किए हैं। इनमें टी-शर्ट, लोवर और हुडी शामिल हैं।

मुखबिर की सूचना पर सप्लायर गिरफ्तार

पुलिस को शहर के बाजारों में नकली ब्रांडेड कपड़े बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। चेकिंग के दौरान एक्टिवा पर प्लास्टिक की बोरी लेकर जा रहे तनिष्क जैन, निवासी मिलौनीगंज, को पकड़ा गया।

तलाशी में उसकी बोरी से 36 नकली टी-शर्ट और 24 नकली लोवर बरामद हुए।

‘बड़े बाबा गारमेंट्स’ पर दबिश

पूछताछ में तनिष्क जैन ने पुलिस को बताया कि वह गढ़ाफाटक स्थित ‘बड़े बाबा गारमेंट्स’ से कपड़े लेकर सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने दुकान पर दबिश दी और दुकान मालिक खेमचंद जैन को हिरासत में लिया।

दुकान की तलाशी में पुलिस ने 300 नकली टी-शर्ट और 136 नकली हुडी जब्त कीं। पुलिस के मुताबिक, दुकान मालिक ने बरामद कपड़ों को अपना होना स्वीकार किया है।

कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली कपड़ों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *