September 13, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक न एक दिन मंत्रिमंडल का विस्तार जरूर होगा, हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं है।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का है। मुख्यमंत्री केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद इस संबंध में निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि विस्तार कब होगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता, लेकिन भविष्य में मंत्रिमंडल का विस्तार होना तय है।

बीजेपी की बैठकों पर भी दिया जवाब

बीजेपी में लगातार हो रही बैठकों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में बैठकें नियमित रूप से होती रहती हैं। विभिन्न मोर्चे अपने स्तर पर काम कर रहे हैं और समाज के बीच जाकर उनके कार्यों का अवलोकन करने के लिए भी बैठकें आयोजित की जाती हैं।

30-31 अगस्त को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

प्रदेश कार्यसमिति की आगामी बैठक को लेकर हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि बैठक 30 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी। इसमें प्रदेश के करीब 300 से अधिक प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री, कोर कमेटी के सदस्य, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

जवानों के लिए भेजी गईं राखियां

वहीं भोपाल में बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर सीमा पर तैनात जवानों के लिए राखियां और बहनों के संदेश भेजने का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हेमंत खंडेलवाल ने कार्यक्रम में शामिल होकर कहा कि देश की रक्षा में तैनात जवानों तक राखी के साथ बहनों का स्नेह और संदेश पहुंचाया जा रहा है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे ने कहा कि देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात जवानों के लिए रक्षा सूत्र भेजना सम्मान और भाईचारे का प्रतीक है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *