रक्षाबंधन के अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों को राखी बांधने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन के निर्देश के मुताबिक 28 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक केवल बहनों को बंदियों से मुलाकात और राखी बांधने के लिए जेल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।

एक बंदी से मिल सकेंगी अधिकतम 3 बहनें
जेल में प्रवेश के लिए बहनों के पास वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। एक बंदी से राखी बांधने और मुलाकात के लिए अधिकतम 3 बहनों को अनुमति होगी।
बहनें प्रति बंदी अधिकतम 100 ग्राम मिठाई ले जा सकेंगी। मिठाई की जेल प्रवेश से पहले जांच की जाएगी। इसके अलावा किसी अन्य खाद्य सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल और कीमती सामान पर रोक
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जेल के भीतर मोबाइल, पर्स, नकदी और किसी भी तरह का कीमती सामान ले जाना प्रतिबंधित है। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सामानों को जमा कराने की व्यवस्था भी नहीं होगी, इसलिए परिजनों को इन्हें साथ नहीं लाने की सलाह दी गई है।
जेल में प्रवेश से पहले महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तर तक सुरक्षा जांच की जा सकती है। केंद्रीय जेल अधीक्षक ने सभी बहनों और परिजनों से व्यवस्था बनाए रखने तथा तलाशी प्रक्रिया में जेल प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।