
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली दौरे के बाद रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि नेपाल में फंसे और लापता लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन शुरू की है।
नेपाल बाढ़ त्रासदी पर CM साय ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेपाल में आई बाढ़ को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण देश और छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरतमंदों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम साय ने बताया कि नेपाल में फंसे या लापता लोगों के परिजनों की सहायता के लिए राज्य सरकार की ओर से कंट्रोल रूम बनाया गया है। हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि जरूरतमंद लोग प्रशासन से संपर्क कर सकें।
नितिन नवीन से दिल्ली में हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई मुलाकात की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि यह सौजन्य मुलाकात थी, जिसमें छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश में नए संगठन प्रभारी की नियुक्ति होना स्वाभाविक है।
चुनाव में भाजपा की जीत का जताया भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार अच्छा काम कर रही है और आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होने हैं, वहां भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा।
सीएम साय ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। सरकार के काम और उपलब्धियों के आधार पर आने वाले चुनावों में पार्टी को अच्छी जीत मिलने का उन्हें पूरा भरोसा है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।