September 13, 2026

पिथौरा। पिथौरा की माटी से देश की राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन तक का सफर चार नन्हे विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पिथौरा और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बन गया। रक्षाबंधन के अवसर पर पिथौरा स्थित रामदर्शन पब्लिक स्कूल के चार विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सानिध्य में रक्षाबंधन मनाया।

विद्यालय के विद्यार्थी आदित्य शर्मा, नितेश साहू, पुष्पराज ध्रुव और जयश बरिहा को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से राखी बंधवाने का अवसर मिला। इस दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल जोगिंद्र मेहर भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति ने पूछा- कहां से आए हो?

रक्षाबंधन के इस खास अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा, “आप कहां से आए हैं?” इस पर बच्चों ने गर्व के साथ जवाब दिया—“छत्तीसगढ़।”

बच्चों के जवाब पर राष्ट्रपति की मुस्कान और उनके द्वारा कही गई पंक्ति “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” ने इस मुलाकात को और यादगार बना दिया। राष्ट्रपति भवन में हुए इस आत्मीय संवाद ने बच्चों के साथ मौजूद लोगों के लिए भी भावुक पल पैदा कर दिया।

चार साल पहले शुरू हुआ था स्कूल

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, रामदर्शन पब्लिक स्कूल की शुरुआत पिथौरा में करीब चार वर्ष पहले हुई थी। इतने कम समय में स्कूल के विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन मनाने का अवसर मिलना विद्यालय और क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

राष्ट्रपति भवन जैसे देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान के भव्य परिसर में पिथौरा के विद्यार्थियों की मौजूदगी ने नगर के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया।

बच्चों के लिए जीवनभर याद रहेगा यह अनुभव

राष्ट्रपति के सानिध्य में रक्षाबंधन मनाने का यह अनुभव इन चारों विद्यार्थियों के जीवन में हमेशा यादगार रहेगा। पिथौरा से राष्ट्रपति भवन तक पहुंची इन नन्ही प्रतिभाओं की यात्रा न केवल उनके लिए विशेष उपलब्धि है, बल्कि क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।

रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर पिथौरा के इन विद्यार्थियों ने जिस तरह देश के सर्वोच्च संवैधानिक परिसर में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *