
रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज, 2 सितंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उपराष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे AIIMS परिसर पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे से AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां और विद्यार्थियों को उपाधि वितरण का कार्यक्रम होगा।
दोपहर 12:30 बजे AIIMS से एयरपोर्ट के लिए होंगे रवाना
दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद उपराष्ट्रपति करीब 12:30 बजे AIIMS रायपुर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
समारोह में ये भी रहेंगे मौजूद
उपराष्ट्रपति के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल भी समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम में AIIMS के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, AIIMS गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक और AIIMS भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल सहित केंद्र के PMSY डायरेक्टर सचिन कुमार की भी विशेष मौजूदगी रहेगी।
वहीं छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा कड़ी
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और VIP मूवमेंट को देखते हुए यातायात एवं आवाजाही में बदलाव किया गया है।
AIIMS में नियमित OPD में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गेट नंबर-1 से आवाजाही करनी होगी। मरीज और उनके परिजन गेट नंबर-3 से भी OPD के लिए आ-जा सकेंगे। हालांकि गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है।
ट्रॉमा-इमरजेंसी के लिए गेट नंबर-2 खुला रहेगा
ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पहले की तरह गेट नंबर-2 का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं रजिस्ट्रेशन काउंटर के लिए पहले इस्तेमाल होने वाला गेट नंबर-4 2 सितंबर की सुबह से VIP मूवमेंट के चलते आम नागरिकों के लिए बंद रहेगा।
इसी तरह गेट नंबर-5 भी आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद रखा जाएगा। AIIMS प्रबंधन और प्रशासन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।